बांग्लादेश आजाद नहीं होता तो लोगों को पाकिस्तानी सैनिकों के जूतों की ठोकरें सहनी पड़तीं : शेख हसीना

बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बिना देश आजाद नहीं होता और लोगों को पाकिस्तानी सैनिकों के जूतों की ठोकरें सहनी पड़तीं।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

ढाका/नयी दिल्ली: अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा है कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बिना बांग्लादेश आजाद नहीं हो पाता और अगर देश स्वतंत्र नहीं हुआ होता तो वहां के लोगों को ‘‘पाकिस्तानी सैनिकों के जूतों की ठोकरें सहनी पड़तीं’’।

हसीना ने शनिवार को जूम के माध्यम से ऑडियो संबोधन में बांग्लादेश अवामी लीग की लाइव श्रृंखला ‘दयामुक्ति’ के 98वें एपिसोड में यह बात कही।

अगस्त 2024 में छात्र नेतृत्व वाले हिंसक विद्रोह के बाद सरकार गिरने पर बांग्लादेश छोड़ने वाली हसीना तब से भारत में रह रही हैं।

हसीना की यह टिप्पणी बांग्लादेश में फिर से हिंसा की घटनाओं के बीच आई है। हाल में हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की घोषणा की है। बांग्लादेश 1971 के ‘मुक्ति संग्राम’ में पाकिस्तान पर अपनी जीत की वर्षगांठ इसी दिन मनाता है। मुक्ति संग्राम का नेतृत्व हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान ने किया था।

यह बयान ऐसे महत्वपूर्ण समय में भी आया है, जब हसीना अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता फिर से स्थापित करने की कोशिश करती दिख रही हैं।

विश्लेषकों के मुताबिक, वह खुद को एक ऐसी साहसी नेता के रूप में पेश करके सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की सरकार को मुश्किल स्थिति में डालने की कोशिश कर रही हैं, जो जेल जाने या मौत का सामना करने के लिए तैयार है। इसके साथ ही वह अपनी पार्टी अवामी लीग के सहयोगियों और समर्थकों के साथ एकजुटता भी प्रदर्शित कर रही हैं।

लोगों से प्रशासन के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘हमें उनके खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। अगर हमें जीना है तो सम्मान के साथ जीना होगा।’’

किसी व्यक्ति या समूह का नाम लिए बिना हसीना ने कहा, ‘‘आज वे स्वतंत्रता सेनानियों को एक-एक करके खत्म कर रहे हैं।’’

उन्होंने प्रताड़ना और हिरासत में मौतों का आरोप लगाते हुए कहा कि कैदियों को दवाइयां और चिकित्सा उपचार नहीं दिया जा रहा है तथा उन्हें और प्रताड़ित किया जा रहा है।

स्वतंत्रता सेनानियों के साथ किए जा रहे व्यवहार पर सवाल उठाते हुए हसीना ने कहा, ‘‘इससे ज्यादा जघन्य और क्या हो सकता है?’’

हसीना ने आरोप लगाया कि एक स्वतंत्रता सेनानी की हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटका दिया गया।

हालांकि, उन्होंने इस बारे में कोई विशेष जानकारी नहीं दी।

हसीना ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बिना बांग्लादेश आजाद नहीं हो पाता और यदि देश स्वतंत्र नहीं हुआ होता तो वहां के लोगों को पाकिस्तानी सेना की बर्बरता सहनी पड़ती।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।