नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा को नई दिल्ली के प्रतिष्ठित लुटियंस इलाके में एक सरकारी बंगला आवंटित किया है। यह बंगला उनके आधिकारिक कार्यालय गदेन फोद्रंग ट्रस्ट को दिया गया है। यह आवंटन विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर किया गया है। यह सरकारी बंगला नई दिल्ली के 20, पंडित रविशंकर शुक्ला लेन पर स्थित है। बंगला सीधे दलाई लामा के कार्यालय गदेन फोद्रंग ट्रस्ट को आवंटित किया गया है। सरकारी आवास का आवंटन सामान्यतः तीन साल के लिए होता है, जिसे आगे बढ़ाने का प्रावधान भी है। बंगले की सुरक्षा मजबूत करने के लिए CPWD ने लगभग 34.94 लाख रुपये के कार्यों का टेंडर जारी किया था। इसमें सुरक्षा केबिन, चारदीवारी मजबूत करना और तारबंदी शामिल है। दलाई लामा के दिल्ली दौरे के दौरान रहने और सुरक्षा की व्यवस्था आसान बनाने के लिए यह स्थायी कार्यालय सुविधा उपलब्ध कराई गई है।



