मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के डिप्टी गवर्नर रोहित जैन ने प्राथमिक डीलरों से सरकारी प्रतिभूतियों की नीलामी में बाजार की मौजूदा स्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी से बोली लगाने को कहा है। उन्होंने कहा कि कुछ मौकों पर बाजार की स्थितियां अनुकूल और व्यवस्थित होने के बावजूद नीलामी में मूल्य निर्धारण में अस्थिरता देखी गई है। जैन ने सोमवार को यहां प्राइमरी डीलर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (पीडीएआई) के एक सम्मेलन में कहा कि प्राथमिक डीलरों की ओर से प्रतिभूतियों की खरीद गारंटी वाली नीलामी में मांगे जाने वाले कमीशन को बाजार मौजूदा परिस्थितियों के संकेतक के रूप में देखता है। इसका असर सरकार की उधारी की लागत पर भी पड़ सकता है। आरबीआई की तरफ से मंगलवार को जारी बयान के मुताबिक, जैन ने कहा, “प्राथमिक डीलरों से आग्रह है कि वे बाजार की मौजूदा स्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रतिभूति खरीद की नीलामी में जिम्मेदारी से बोली लगाएं।”

उन्होंने कहा कि प्राथमिक डीलरों को केंद्र सरकार की दिनांकित प्रतिभूतियों की नीलामी में विशेष रूप से भाग लेने का अधिकार है और उन्हें इन नीलामियों में तय कट-ऑफ के आधार पर कमीशन दिया जाता है। डिप्टी गवर्नर ने सरकारी प्रतिभूतियों के बाजार में तरलता के असमान वितरण को भी एक बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 महीनों में द्वितीयक बाजार में कारोबार का करीब 72 प्रतिशत हिस्सा सबसे अधिक कारोबार वाली पांच प्रतिभूतियों में केंद्रित रहा।



