किताब में सावरकर के ‘गलत चित्रण’ पर सोनिया को कानूनी नोटिस, बिना शर्त माफी की मांग

संस्मरण पुस्तक में वीडी सावरकर के कथित गलत चित्रण पर सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस, सत्यकी सावरकर ने 15 दिन में बिना शर्त माफी, स्पष्टीकरण और सुधार की मांग की।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पुणे: विनायक दामोदर सावरकर के पौत्र ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को एक कानूनी नोटिस भेजा है। इसमें उन्होंने सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में स्वतंत्रता सेनानी के बारे में दिए गए बयानों पर बिना शर्त माफी, स्पष्टीकरण और सुधार की मांग की है। उनका आरोप है कि इसमें स्वतंत्रता सेनानी को “गलत तरीके से” पेश किया गया है।

सत्यकी सावरकर की ओर से अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर द्वारा जारी कानूनी नोटिस में पुस्तक के पृष्ठ 201 और 443 पर लिखी गई बातों पर आपत्ति जताई गई है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि ये बातें तथ्यात्मक रूप से गलत, ऐतिहासिक रूप से भ्रामक और तोड़-मरोड़कर पेश की गई हैं तथा वी.डी. सावरकर की प्रतिष्ठा और विरासत को नुकसान पहुंचाती हैं।

नोटिस में सोनिया गांधी से इसे प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर मांगों का पालन करने को कहा गया है। इसमें कहा गया है कि ऐसा नहीं करने या मांगों को मानने से इनकार करने पर सत्यकी सावरकर सक्षम अदालत या प्राधिकरण के समक्ष उचित कानूनी कार्यवाही शुरू कर सकते हैं और कानूनी उपाय अपना सकते हैं।

नोटिस में कहा गया है कि सत्यकी सावरकर ने हाल ही में सोनिया गांधी द्वारा लिखी गई और हार्पर कॉलिन्स पब्लिशर्स इंडिया द्वारा कथित तौर पर 10 नवंबर को प्रकाशित पुस्तक को देखा। इसमें वी.डी. सावरकर के बारे में की गई टिप्पणियों और लगाए गए आरोपों से उन्हें ठेस पहुंची।

नोटिस में पुस्तक के पृष्ठ 201 पर लिखी गई इस टिप्पणी का उल्लेख किया गया है, “जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी ब्रिटिश शासकों के हाथों हमले और जेल की सजा झेल रहे थे, तब विनायक दामोदर सावरकर जैसे आरएसएस के वरिष्ठ विचारक अपने औपनिवेशिक आकाओं को दया याचिकाएं लिख रहे थे और उनके संगठन के सदस्य मुखबिर के तौर पर ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर रहे थे।”

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।