कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक होटल के कमरे में 67 वर्षीय जर्मन पर्यटक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान थॉमस मिंटेन (Thomas Minten) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह 21 नवंबर को कोलकाता पहुंचे थे और पियरलेस होटल में ठहरे हुए थे।

रविवार को घूमने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद वह वापस होटल लौट आए थे। सोमवार सुबह होटल के कमरे से कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद कमरे की जांच की गई और उनका शव बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस की होमिसाइड टीम भी जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत की असली वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।



