नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को तंजावुर स्थित शास्त्र विश्वविद्यालय के खिलाफ किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई करने से रोकने संबंधी अपने 15 जनवरी के आदेश को सोमवार को स्थायी कर दिया। विश्वविद्यालय पर 31.37 एकड़ सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप है। भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची एवं न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने विश्वविद्यालय की याचिका को अंतिम सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया। पीठ ने तमिलनाडु सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता जयदीप गुप्ता के इस बयान का संज्ञान लिया कि राज्य सरकार मामले को आपसी सहमति से नहीं सुलझाना चाहती और अपनी जमीन वापस चाहती है।

गुप्ता ने राज्य सरकार की ओर से जवाब दाखिल किए जाने के बाद याचिका को अंतिम सुनवाई के लिए जल्द सूचीबद्ध करने का भी अनुरोध किया। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को विश्वविद्यालय की याचिका पर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। विश्वविद्यालय की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी और अभिषेक सिंघवी ने कहा कि शास्त्र विश्वविद्यालय इसके बदले दूसरी जमीन देने को तैयार है लेकिन राज्य सरकार विवाद सुलझाना नहीं चाहती। इससे पहले 21 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार से इस पर विचार करने को कहा था कि क्या विश्वविद्यालय के कथित कब्जे वाली 31.37 एकड़ जमीन के बदले कोई अन्य उपयुक्त जमीन स्वीकार की जा सकती है।

पीठ ने कहा था कि इस जमीन का इस्तेमाल एक शिक्षण संस्थान के लिए किया जा रहा है, जो जनहित के उद्देश्य से काम कर रहा है। उसने विश्वविद्यालय को जमीन से हटाने और उसके भवनों को ध्वस्त करने पर राज्य सरकार के जोर देने पर भी सवाल उठाया था। इससे पहले पीठ ने कहा था कि राज्य सरकार प्रस्तावित खुली जेल के लिए किसी अन्य स्थान पर जमीन की पहचान कर सकती है और विश्वविद्यालय को उतनी जमीन खरीदने का खर्च उठाने के लिए कह सकती है। न्यायालय ने ये टिप्पणियां मद्रास उच्च न्यायालय के नौ जनवरी के आदेश को चुनौती देने वाली शास्त्र विश्वविद्यालय की याचिका पर सुनवाई के दौरान की थीं। उच्च न्यायालय ने सरकारी जमीन आवंटित करने या उसके बदले दूसरी जमीन देने के विश्वविद्यालय के अनुरोध को खारिज करने संबंधी राज्य सरकार के फैसले को बरकरार रखा था और विश्वविद्यालय को जमीन खाली करने का निर्देश दिया था।
विश्वविद्यालय ने कहा था कि उसने राज्य सरकार को तीन अलग-अलग भूखंड देने की पेशकश की थी, लेकिन उसे इस पर कोई ठोस जवाब नहीं मिला। इससे पहले 15 जनवरी को पीठ ने मद्रास उच्च न्यायालय के उस आदेश पर रोक लगा दी थी जिसमें तंजावुर की सरकारी जमीन से शणमुघ कला, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं अनुसंधान अकादमी (शास्त्र) को बेदखल करने का निर्देश दिया गया था। उच्चतम न्यायालय ने उस समय कहा था कि तमिलनाडु सरकार को इस विवाद को प्रतिष्ठा का ‘‘प्रश्न’’ नहीं बनाना चाहिए। शास्त्र तंजावुर के तिरुमलैसमुद्रम में स्थित एक प्रमुख निजी मानद विश्वविद्यालय है।


