गुमला : जिले के बसिया थाना क्षेत्र में बिम्बियारी रोड स्थित एक क्रेशर के पास बंद मकान से सोमवार को 45 वर्षीय फगुआ झोरा का सड़ा-गला शव मिला। वह इसी घर में रहते थे और क्रेशर की देखरेख करते थे। फगुआ झोरा 16 नवंबर से लापता थे। उनका मकान कई दिनों से बंद था। सोमवार को घर से तेज दुर्गंध आने पर लोगों को संदेह हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुई।

तलाशी के दौरान फगुआ झोरा का शव मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मृतक की पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। मौत की परिस्थितियां अभी सामने नहीं आई हैं।



