रांची: झारखंड में 28 नवंबर को राज्यव्यापी बंद बुलाया गया है। विभिन्न आदिवासी संगठनों ने इस बंद का आह्वान किया है। संगठनों की नाराजगी झारखंड राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम स्थगित किए जाने और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को उचित सम्मान नहीं मिलने को लेकर है। बंद को सफल बनाने के लिए संगठन लोगों से समर्थन मांग रहे हैं। वहीं बंद से पहले 25 नवंबर की शाम राजधानी रांची में मशाल जुलूस निकाला जाएगा।

बंद के समर्थन में आज रांची में निकलेगा मशाल जुलूस
झारखंड बंद से पहले बुधवार की शाम रांची में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसकी शुरुआत जयपाल सिंह स्टेडियम के पास से होगी। जुलूस अलबर्ट एक्का चौक तक पहुंचेगा। इस दौरान आदिवासी संगठन राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। साथ ही लोगों से 28 नवंबर के बंद में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील भी करेंगे।

आदिवासी संगठनों में नाराजगी, आंदोलन तेज करने की तैयारी
आदिवासी संगठनों के नेता सीता कच्छप, आकाश तिर्की, विवेक तिर्की और राहुल तिर्की समेत अन्य लोगों ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस झारखंड के इतिहास और पहचान से जुड़ा बेहद अहम अवसर है। इसे महज एक औपचारिक कार्यक्रम समझना सही नहीं है। नेताओं का कहना है कि स्थापना दिवस के कार्यक्रम स्थगित किए जाने और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को उचित सम्मान नहीं मिलने से आदिवासी समाज के साथ-साथ झारखंड आंदोलन से जुड़े लोगों में भी नाराजगी है। इसी विरोध को लेकर राज्यव्यापी बंद का फैसला लिया गया है।
लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील
आदिवासी संगठनों ने राज्य के लोगों से 28 नवंबर को होने वाले झारखंड बंद में सहयोग करने की अपील की है। हालांकि, बंद के दौरान बसों और अन्य वाहनों के परिचालन, बाजार, स्कूल-कॉलेज और जरूरी सेवाओं पर कितना असर पड़ेगा, इसे लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।


