Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी स्थित बांधडीह गांव में हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां दो बेटों पर अपनी ही मां की हत्या करने और सबूत मिटाने के लिए घर में ही शव जलाने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जमीन विवाद में मां की हत्या का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बेटे अपनी मां की जमीन बेचना चाहते थे, लेकिन मां इसके लिए तैयार नहीं थीं। जमीन बेचने को लेकर मां और बेटों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर दोनों बेटों ने मिलकर मां की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घर के अंदर ही जला दिया। घटना की भयावहता सामने आने के बाद आसपास के लोगों में भी चर्चा का माहौल है।

पुलिस ने दोनों बेटों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जमीन विवाद के अलावा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही वारदात की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।


