आज से झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र, SIR और MMDR पर केंद्र के खिलाफ हेमंत सरकार लाएगी प्रस्ताव

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में SIR और MMDR संशोधन अधिनियम पर दो दिनों तक चर्चा होगी। हेमंत सोरेन सरकार केंद्र के फैसलों के खिलाफ विरोध दर्ज कराएगी।

5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 25 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र में दो बड़े मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है। पहले दिन सदन में SIR प्रक्रिया के खिलाफ प्रस्ताव लाया जाएगा, जबकि दूसरे दिन MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के विरोध में संकल्प पारित किया जाएगा। राज्य सरकार इन दोनों मुद्दों पर केंद्र के सामने अपना विरोध दर्ज कराएगी। MMDR संशोधन अधिनियम को लेकर झारखंड सरकार की मांग है कि केंद्र इसके प्रावधानों पर दोबारा विचार करे। साथ ही खनिज संपदा से जुड़े मामलों में खनिज उत्पादक राज्यों के वित्तीय और विधायी अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

सरकार का कहना है कि अधिनियम की धारा 9D से खनिज अधिकारों और खनिज वाली जमीन पर टैक्स व उपकर लगाने की राज्य की शक्तियां प्रभावित हो सकती हैं। सरकार के मुताबिक, झारखंड में जेएमबीएल सेस के जरिए चालू वित्तीय वर्ष में 19 नवंबर तक 7,628.75 करोड़ रुपये की वसूली हुई है। राज्य सरकार का तर्क है कि इस राशि का इस्तेमाल स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और खनन प्रभावित इलाकों के विकास में किया जाता है। संकल्प में मंईयां सम्मान योजना का भी जिक्र किया गया है। सरकार का मानना है कि उपकर से होने वाली कमाई घटने पर इसका असर जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी पड़ सकता है। विधानसभा से पारित संकल्प केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

SIR और MMDR पर दो दिन तक होगी विशेष चर्चा

विशेष सत्र के पहले दिन सदन में SIR प्रक्रिया को लेकर खुली चर्चा होगी। इसके बाद इसके विरोध में प्रस्ताव पारित किया जाएगा। वहीं, दूसरे दिन MMDR संशोधन अधिनियम पर विशेष चर्चा के बाद केंद्र के खिलाफ संकल्प पारित कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इस तरह झारखंड देश का पहला राज्य होगा, जहां SIR और MMDR के मुद्दों पर विधानसभा के भीतर लगातार दो दिनों तक विशेष चर्चा होने जा रही है। 25 और 26 नवंबर को होने वाले इस सत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहने के आसार हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन JMM, कांग्रेस और राजद का आरोप है कि केंद्र की भाजपा सरकार MMDR के जरिए झारखंड समेत देश के दूसरे राज्यों की खनिज संपदा पर अपना एकाधिकार स्थापित करना चाहती है।

सत्तारूढ़ दलों का कहना है कि MMDR के कारण झारखंड को होने वाले संभावित नुकसान का मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही, सेस से होने वाले राजस्व नुकसान का पूरा हिसाब भी केंद्र को देना चाहिए। दूसरी ओर, SIR प्रक्रिया को लेकर भी राज्य सरकार केंद्र और चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है। सत्तारूढ़ दलों का आरोप है कि इस प्रक्रिया के तहत राज्य में बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। इसे लेकर देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है।

विशेष सत्र के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष ने कसी कमर

विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री और सदन के नेता हेमंत सोरेन ने सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी विधायकों और मंत्रियों को सत्र के दौरान सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। वहीं, विपक्षी भाजपा ने भी अपनी रणनीति तैयार कर ली है। मंगलवार को सत्तारूढ़ दल और भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। इसके बाद बुधवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में SIR और MMDR को लेकर होने वाली चर्चा के दौरान पार्टी की भूमिका और रणनीति पर विचार किया गया।

इस बीच कांग्रेस नेता और राज्य सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस विशेष सत्र के जरिए MMDR अधिनियम से झारखंड को होने वाले नुकसान के मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा और केंद्र सरकार को राज्य की चिंताओं से अवगत कराया जाएगा। शिल्पी नेहा तिर्की ने SIR पर भी सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि इस प्रक्रिया के कारण लोगों को परेशानी हो रही है और मतदाता सूची से नाम हटाए जा रहे हैं। सरकार सदन में इस मुद्दे का भी विरोध दर्ज कराएगी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।