धनबाद में BCCL की कोल वाशरी में लगी भीषण आग, 11वीं मंजिल तक पहुंचीं लपटें, तीन दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

धनबाद के मुनिडीह स्थित BCCL कोल वाशरी की 11वीं मंजिल पर लगी भीषण आग, च्यूट पाइप की रबर लाइनिंग तक फैली लपटें, तीन दमकल गाड़ियों ने पाया काबू।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले में मंगलवार को BCCL की मुनिडीह कोल वाशरी में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग वाशरी की 11वीं मंजिल पर वाइब्रेटिंग स्क्रीन बेल्ट के पास स्थित च्यूट पाइप में लगी। देखते ही देखते आग पाइप के अंदर मौजूद रबर लाइनिंग तक फैल गई। ऊंचाई पर आग की लपटें उठती देख वाशरी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

च्यूट पाइप से पहले निकला धुआं, फिर दिखीं लपटें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक च्यूट पाइप से धुआं निकलना शुरू हुआ। शुरुआत में लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन थोड़ी ही देर में धुएं के साथ आग की लपटें भी दिखाई देने लगीं। आग पाइप की अंदरूनी रबर लाइनिंग तक पहुंच गई, जिससे स्थिति गंभीर हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान वाशरी परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी बनी रही।

फायर फाइटिंग सिस्टम पर उठे सवाल

इस घटना के बाद BCCL की मुनिडीह कोल वाशरी की आंतरिक अग्निशमन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों का दावा है कि वाशरी में लगा फायर फाइटिंग सिस्टम काम नहीं कर रहा था। इसी वजह से आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की बाहरी गाड़ियों को बुलाना पड़ा।

हालांकि, आंतरिक अग्निशमन व्यवस्था की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

महाप्रबंधक ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

आग लगने की सूचना मिलने के बाद BCCL के महाप्रबंधक विजय कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना मिली है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है।

अब घटना की जांच और नुकसान के आकलन के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।