Ranchi News: चारा घोटाले से जुड़े देवघर कोषागार मामले में राजद प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की मुश्किलों से जुड़े मामले की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में जारी है। मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने अदालत में कई अहम दलीलें पेश कीं। लालू प्रसाद की ओर से कहा गया कि उन्होंने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान पशुपालन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ चल रही विजिलेंस जांच को रोकने का कोई आदेश नहीं दिया था।
जस्टिस अनुभा रावत चौधरी की अदालत में बचाव पक्ष ने संबंधित सरकारी दस्तावेजों और फाइल नोटिंग का हवाला देते हुए अपना पक्ष रखा। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 26 नवंबर की तारीख तय की है।
50 लाख रुपये के लेन-देन का कोई सबूत नहीं
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने अभियोजन पक्ष के उस आरोप को चुनौती दी, जिसमें कहा गया है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री रहते हुए लालू प्रसाद ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ विजिलेंस जांच रुकवा दी थी।
अभियोजन के आरोप के मुताबिक, इस मामले में 50 लाख रुपये आरके राणा को दिए गए थे, जिनमें से कुछ रकम लालू प्रसाद तक पहुंचाई जानी थी।
इस पर बचाव पक्ष ने कहा कि कथित लेन-देन को साबित करने के लिए न तो कोई दस्तावेजी प्रमाण मौजूद है और न ही मौखिक साक्ष्य। अधिवक्ता ने विजिलेंस की फाइल संख्या बीएस-23/94 (प्रदर्श-10/34) का हवाला देते हुए कहा कि उसमें भी 50 लाख रुपये के लेन-देन का कोई उल्लेख नहीं मिलता।
विजिलेंस फाइल में जांच रोकने का आदेश नहीं
बचाव पक्ष ने अदालत को बताया कि वर्ष 1994 में जगदीश शर्मा ने विधानसभा की लोक लेखा समिति (PAC) की जांच का हवाला देते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। इसमें अनुरोध किया गया था कि पीएसी की जांच पूरी होने तक पशुपालन विभाग से संबंधित विजिलेंस जांच रोक दी जाए।
अधिवक्ता के अनुसार, यह फाइल 5 जुलाई 1994 को मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंची थी और 29 मार्च 1995 को बिना किसी आदेश के वापस कर दी गई थी। बचाव पक्ष का कहना है कि उपलब्ध फाइल नोटिंग से यह साबित नहीं होता कि लालू प्रसाद ने जांच रोकने का निर्देश दिया था। साथ ही, फाइल उनके सामने रखे जाने का भी स्पष्ट प्रमाण नहीं है।
1996 के आदेश को बनाया बचाव का आधार
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने 2 फरवरी 1996 के एक आदेश का भी उल्लेख किया। अधिवक्ता ने बताया कि मई 1995 में नई सरकार बनने के बाद विजिलेंस विभाग ने मामले में दोबारा जांच की प्रक्रिया शुरू की थी।
इसके बाद लालू प्रसाद ने 2 फरवरी 1996 को निर्देश दिया था कि लोक लेखा समिति से जुड़े दस्तावेजों की फोटोकॉपी लेकर एक महीने के भीतर विजिलेंस जांच पूरी की जाए और रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
बचाव पक्ष ने इसी आदेश को आधार बनाते हुए दलील दी कि अगर लालू प्रसाद जांच रोकना चाहते, तो जांच पूरी करने और रिपोर्ट सौंपने का निर्देश नहीं देते।
धारा 313 के बयान का भी दिया हवाला
अदालत में बचाव पक्ष ने सीआरपीसी की धारा 313 के तहत दर्ज लालू प्रसाद के बयान का भी जिक्र किया। अधिवक्ता के अनुसार, सवाल संख्या 22 के जवाब में लालू प्रसाद ने कहा था कि उन्होंने विजिलेंस जांच नहीं रुकवाई थी, बल्कि तत्कालीन डीजी विजिलेंस डीएन सहाय ने जांच रोकी थी।
बचाव पक्ष का दावा है कि उनका यह बयान विजिलेंस विभाग की फाइल नोटिंग से मेल खाता है। फिलहाल अदालत में इस मामले से जुड़े अन्य सजायाफ्ताओं की आपराधिक अपीलों के साथ सुनवाई चल रही है।
देवघर कोषागार से हुई थी 89.27 लाख रुपये की निकासी
गौरतलब है कि यह मामला देवघर कोषागार से पशु चारे के नाम पर हुई 89.27 लाख रुपये की अवैध निकासी से जुड़ा है। वर्ष 1990 से 1994 के बीच हुई इस निकासी को लेकर सीबीआई ने मामला दर्ज किया था।
इस मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने लालू प्रसाद यादव को दोषी करार देते हुए साढ़े तीन साल की जेल और पांच लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। अब उन्होंने इसी फैसले को झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
फिलहाल हाईकोर्ट में बचाव पक्ष की दलीलें जारी हैं। मामले में अगली सुनवाई 26 नवंबर को होगी।


