Gumla News: झारखंड के गुमला जिले में मंगलवार की मध्यरात्रि एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। शहर के पालकोट रोड स्थित कार्तिक उरांव कॉलेज के पास ट्रक और ऑडी कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, ऑडी में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार में बुरी तरह फंस गए थे दोनों युवक
हादसा इतना जबरदस्त था कि ऑडी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद कार के दरवाजे जाम हो गए और दोनों युवक अंदर ही फंस गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा तोड़कर दोनों युवकों को बाहर निकाला गया।
इसके बाद घायलों को पीसीआर वाहन की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। हालांकि, परिजनों ने दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
शादी समारोह से लौट रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ऑडी कार (JH 14 K 1236) गुमला के गिंड्रा केसीपारा निवासी रवि शेखर बड़ाइक के नाम पर रजिस्टर्ड है। रवि रेलवे में कार्यरत हैं। हादसे के समय उनके साले अनुज बड़ाइक कार चला रहे थे। उनके साथ एक दोस्त भी मौजूद था।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक पालकोट रोड स्थित रौनियार धर्मशाला में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की खबर मिलते ही शादी समारोह में मौजूद कुछ लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव कार्य में मदद की।
अनुज की हालत गंभीर, ICU में चल रहा इलाज
परिजनों के मुताबिक, हादसे में घायल अनुज बड़ाइक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। उनके साथ मौजूद दूसरे युवक का भी उपचार किया जा रहा है।
इस दुर्घटना में एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया, जबकि दूसरे परिवार के लोग अस्पताल में अपनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं। फिलहाल हादसे में ट्रक चालक की मौत और दोनों युवकों के घायल होने से इलाके में शोक का माहौल है।


