कार्तिक पूर्णिमा पर रजरप्पा में उमड़ा आस्था का सैलाब, दामोदर-भैरवी संगम में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा पर रजरप्पा के मां छिन्नमस्तिका मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दामोदर-भैरवी संगम में स्नान के बाद पंचवटी आश्रम में भक्तों ने पाया महाप्रसाद।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ramgarh News: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को रामगढ़ के प्रसिद्ध रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही मंदिर परिसर और दामोदर-भैरवी नदी के संगम पर भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई और मां भगवती के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।

संगम में स्नान के बाद मां के दरबार में पहुंचे भक्त

कार्तिक पूर्णिमा को लेकर सुबह से ही दामोदर और भैरवी नदी के संगम पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। स्नान करने के बाद भक्त मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे। यहां श्रद्धालु कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। दर्शन के बाद लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रजरप्पा पहुंचे थे। मंदिर के पुजारी असीम पंडा के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान और देवी-देवताओं के दर्शन का विशेष धार्मिक महत्व है।

सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा सतर्क

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रजरप्पा पुलिस और मंदिर न्यास समिति की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को सुचारू रूप से दर्शन कराने की व्यवस्था की गई।

पंचवटी आश्रम में हजारों भक्तों ने ग्रहण किया महाप्रसाद

कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर मां छिन्नमस्तिका मंदिर न्यास समिति की ओर से भंडारे का भी आयोजन किया गया। पंचवटी आश्रम में आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। समिति की ओर से भक्तों के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया।

इस दौरान अजय पंडा, सुभाषिश पंडा, पप्पू पंडा, सुबोध पंडा, लोकेश पंडा, विजय पंडा, छोटू पंडा, गुड्डू पंडा, सुजीत पंडा, रंजीत पंडा और संजीत पंडा समेत न्यास समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रजरप्पा में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा। संगम में स्नान, मां के दर्शन और भंडारे में शामिल होकर श्रद्धालुओं ने इस पावन पर्व को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।