Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। टाटीझरिया प्रखंड के 17 माइल-गोधिया मार्ग पर तिलक समारोह में शामिल होने जा रही सवारी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद झरपो गांव में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, झरपो गांव से करीब 20 लोग एक सवारी गाड़ी में सवार होकर बगोदर के बरांय गांव में तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान 17 माइल-गोधिया सड़क पर अचानक गाड़ी का बेरिंग टूट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी बीच सड़क पर पलट गई।
इस हादसे में झरपो निवासी 30 वर्षीय उषा देवी, पति रमेश रविदास की मौत हो गई। वहीं, मालती देवी, पति संजय रविदास गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना में गणेश रविदास का पैर भी टूट गया है। इसके अलावा खेमलाल राम, सरयु राम और मुनु राम समेत कई महिलाओं और बच्चों को चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने पहुंचकर बचाई घायलों की जान
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मालती देवी और अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग भेजा गया। वहीं, मामूली रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी में वाहन का बेरिंग टूटने को हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
तिलक समारोह में शामिल होने निकले परिवार के लिए यह सफर बेहद दर्दनाक साबित हुआ। एक ओर शादी की तैयारियां थीं, तो दूसरी ओर हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।


