झारखंड हाईकोर्ट के 4 फैसलों से सरकारी कर्मचारियों को राहत, किसी की नौकरी बची तो किसी को मिलेगा बकाया वेतन

झारखंड हाईकोर्ट के चार फैसलों से सरकारी कर्मियों को राहत, आईएएस पदस्थापना, सेवानिवृत्ति आयु, बकाया वेतन और सेवा नियमितीकरण पर तय समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश।

Razi Ahmad
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand High Court : झारखंड हाईकोर्ट ने सरकारी सेवा और कर्मचारियों के अधिकारों से जुड़े चार अलग-अलग मामलों में अहम फैसला सुनाया है। अदालत के इन आदेशों से एक आईएएस अधिकारी, वन निगम के कर्मचारी, विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर और दैनिक वेतनभोगी जीप चालक को राहत मिली है। जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने राज्य सरकार और संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया है।

IAS अधिकारी की पदस्थापना पर 6 सप्ताह में फैसला

आईएएस अधिकारी पवन कुमार मंडल की पदस्थापना से जुड़े मामले में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर आवश्यक आदेश जारी करने का निर्देश दिया है। अदालत ने 2014 बैच के अधिकारी को अपर सचिव या समकक्ष पद पर पदस्थापित करने को कहा है।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने बैच की वरिष्ठता का भी जिक्र किया। अदालत ने कहा कि जब 2015 बैच के अधिकारियों को अपर सचिव की जिम्मेदारी दी जा चुकी है, तो 2014 बैच के अधिकारी को संयुक्त सचिव के पद पर बनाए रखना उचित नहीं है।

58 की जगह 60 साल तक नौकरी करने का मिलेगा लाभ

झारखंड राज्य वन विकास निगम के कर्मचारी रामेश्वर प्रसाद सिन्हा को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें 58 वर्ष की उम्र में सेवानिवृत्त करने से संबंधित विभागीय आदेश को रद्द कर दिया है। अब उन्हें 60 वर्ष की आयु तक सेवा में माना जाएगा।

इसके साथ ही कोर्ट ने बकाया वेतन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ देने का भी निर्देश दिया है। सरकार और संबंधित विभाग को 16 सप्ताह के अंदर बकाया राशि की गणना कर भुगतान करना होगा।

दरअसल, रामेश्वर प्रसाद सिन्हा पहले बिहार राज्य वन विकास निगम में कार्यरत थे। झारखंड गठन के बाद उन्होंने झारखंड राज्य वन विकास निगम में सेवा जारी रखी। विभाग ने 5 अप्रैल 2012 को आदेश जारी कर उन्हें 31 जुलाई 2012 से 58 वर्ष की उम्र में रिटायर करने का फैसला लिया था। इस आदेश को उन्होंने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

एसोसिएट प्रोफेसर को मिलेगा रुका हुआ वेतन लाभ

विनोबा भावे विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर भोला मिश्रा के मामले में भी हाईकोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया है। अदालत ने उनका बेसिक पे स्केल 14,940 रुपये निर्धारित करते हुए पीएचडी एडवांस इंक्रीमेंट का लाभ बहाल करने का आदेश दिया है। साथ ही बकाया एरियर का भुगतान करने को कहा है।

राज्य सरकार और विश्वविद्यालय को 12 सप्ताह के भीतर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

मामले के अनुसार, भोला मिश्रा को मिलने वाला पीएचडी एडवांस इंक्रीमेंट सरकार और विश्वविद्यालय ने बंद कर दिया था। इतना ही नहीं, उनका बेसिक पे स्केल 14,940 रुपये से घटाकर 12,000 रुपये कर दिया गया था। इसके खिलाफ उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया था।

2009 से काम कर रहे जीप चालक की सेवा होगी नियमित

हाईकोर्ट ने गिरिडीह के दैनिक वेतनभोगी जीप चालक कुलदीप कुमार तुरी को भी राहत दी है। अदालत ने उनकी सेवा नियमित करने से इनकार करने वाली राज्य स्तरीय समिति के आदेश को निरस्त कर दिया है।

कोर्ट ने संबंधित विभाग को आदेश की प्रति मिलने के आठ सप्ताह के भीतर उनकी सेवा नियमित करने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।

कुलदीप कुमार तुरी मई 2009 से गिरिडीह जिला कल्याण कार्यालय में स्वीकृत रिक्त पद के विरुद्ध दैनिक वेतन पर काम कर रहे हैं। 10 साल से अधिक की सेवा पूरी करने के बाद उन्होंने 10 अक्टूबर 2019 को नियमितीकरण के लिए आवेदन दिया था। जिला कल्याण पदाधिकारी ने भी उनके आवेदन की अनुशंसा की थी।

इसके बावजूद नियमितीकरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। बाद में 2 दिसंबर 2025 को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के आयुक्त की अध्यक्षता वाली समिति ने उनकी सेवा नियमित करने की अनुशंसा की थी। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद विभाग को निर्धारित समय सीमा में आगे की कार्रवाई करनी होगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।