Simdega News: झारखंड के सिमडेगा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जलडेगा थाना क्षेत्र के केलुंगा पाहनटोली गांव में एक बेटे पर अपनी ही मां की हत्या करने का आरोप लगा है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय रोशन समद के रूप में हुई है। वहीं, मृतका की पहचान तरिशला समद के रूप में की गई है। वह स्वर्गीय सिलवेस्टर समद की पत्नी थीं।
घर के बिस्तर पर मिला महिला का शव
मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि केलुंगा पाहनटोली गांव में एक महिला की उसके बेटे ने हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही जलडेगा थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने जांच के दौरान तरिशला समद को उनके घर में बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया। इसके बाद मामले की छानबीन शुरू की गई।
बेटी की शिकायत पर आरोपी बेटा गिरफ्तार
इस घटना के बाद मृतका की बेटी ने अपने भाई रोशन समद पर मां की हत्या करने का आरोप लगाते हुए जलडेगा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जलडेगा थाना कांड संख्या 73/26, दिनांक 24 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64/103(1) में प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रोशन समद को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है।


