नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को कहा कि 77 साल पहले संविधान को अंगीकार किए जाने के समय बाबासाहेब बी. आर. आंबेडकर द्वारा दिया गया भाषण कालजयी है और इसकी प्रासंगिकता सदैव बनी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि देश को अपने राजनीतिक लोकतंत्र को सामाजिक लोकतंत्र में बदलना होगा और स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व को जीवन के सिद्धांतों के रूप में स्वीकार करना होगा।

रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आज से ठीक 77 साल पहले आंबेडकर ने संविधान सभा में संविधान के प्रारूप को अंगीकार करने का प्रस्ताव पेश करते हुए ऐतिहासिक भाषण दिया था। उनके अनुसार, यह 20वीं सदी के भारत के सबसे महत्वपूर्ण, प्रभावशाली और कालजयी भाषणों में से एक है। संविधान सभा में अगले दिन संविधान को अंगीकार किया जाना था। कांग्रेस महासचिव ने आंबेडकर के भाषण के प्रमुख विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने संविधान सभा की कार्यवाही को सुचारु रूप से संचालित करने का श्रेय कांग्रेस पार्टी को दिया था।



