नई दिल्ली: सऊदी अरब की राजधानी रियाद के वित्तीय जिले में हुए हमले में दो भारतीयों समेत कई लोग घायल हो गए, जिसकी भारत ने कड़ी निंदा की है। भारत ने सऊदी अरब में नागरिक, आर्थिक और ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर लगातार किए जा रहे हमलों की भी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘रियाद के वित्तीय जिले पर हुए हमले में दो भारतीय घायल हुए हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।’’ यह हमला मंगलवार को किया गया था। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि घायलों में दो सऊदी नागरिक, तीन नेपाली और चार मिस्र के नागरिक शामिल हैं।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत रियाद में हुए हमले के साथ-साथ सऊदी अरब में नागरिक, आर्थिक और ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर लगातार किए जा रहे हमलों की कड़ी निंदा करता है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘इन हमलों से आम नागरिकों की जान गंभीर खतरे में पड़ती है, सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन होता है और क्षेत्रीय सुरक्षा एवं स्थिरता कमजोर होती है। हम ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की अपील करते हैं।’’



