रोज खाना खिलाता था बैंक कर्मी, अंतिम यात्रा में साथ चलकर कुत्ते ने दी विदाई

मध्य प्रदेश में कालू नाम का स्ट्रीट डॉग अपने 75 वर्षीय साथी मोहनलाल रायकवार की अंतिम यात्रा में श्मशान घाट तक पहुंचा। उसका भावुक कर देने वाला व्यवहार चर्चा में है।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मध्य प्रदेश : इंसान और जानवर के बीच प्यार का रिश्ता कितना गहरा हो सकता है, इसकी एक भावुक तस्वीर मध्य प्रदेश में देखने को मिली। यहां कालू नाम का एक स्ट्रीट डॉग अपने उस बुजुर्ग साथी की अंतिम यात्रा में शामिल हुआ, जो उसे रोज खाना खिलाया करते थे। इतना ही नहीं, कालू श्मशान घाट तक गया और अंतिम संस्कार के दौरान भी वहीं मौजूद रहा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

गल्ला मंडी मेन रोड स्थित राधेश्याम मंदिर चौराहे के आसपास रहने वाला कालू इलाके का जाना-पहचाना कुत्ता है। मोहल्ले के कई लोग उसे खाना देते थे, लेकिन भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारी मोहनलाल रायकवार से उसका कुछ अलग ही जुड़ाव था। 75 वर्षीय मोहनलाल रायकवार रोज कालू के लिए रोटी और खाने की दूसरी चीजें लेकर आते थे। वे उसे प्यार से कालू कहकर बुलाते और अक्सर उससे बातें भी किया करते थे। रोज मिलने वाला यही स्नेह धीरे-धीरे दोनों के बीच एक खास रिश्ता बन गया। शायद किसी ने नहीं सोचा था कि एक दिन यही रिश्ता इस तरह सबको भावुक कर देगा।

शुक्रवार को मोहनलाल रायकवार का निधन हो गया। सुबह करीब 11 बजे मंडी क्षेत्र से उनकी अंतिम यात्रा विश्राम घाट के लिए निकली। परिवार के सदस्यों के अलावा बैंक में उनके साथ काम कर चुके लोग और समाज के कई लोग भी अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। इसी बीच कालू भी वहां पहुंच गया। किसी ने उसे बुलाया नहीं था, लेकिन वह खुद ही अंतिम यात्रा के पीछे चल पड़ा। लोगों के साथ चलते हुए वह श्मशान घाट तक पहुंच गया। अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया के दौरान भी वह वहीं बैठा रहा। कालू को इस तरह अपने साथी को आखिरी विदाई देते देख वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।

सबसे भावुक पल तब आया, जब दाह संस्कार के बाद श्रद्धांजलि सभा शुरू हुई। सभा का संचालन कर रहे व्यक्ति ने सभी से दो मिनट का मौन रखने की अपील की। इसी दौरान कालू आगे बढ़कर सभा के सामने आकर बैठ गया। वह पूरे समय शांत रहा। जैसे ही संचालक ने ‘ओम शांति’ कहा, कालू वहां से उठ गया। इसके बाद जब परिवार के लोग परंपरा के मुताबिक मोहनलाल रायकवार के घर पहुंचे, तो कालू भी उनके पीछे-पीछे वहां तक चला आया। कुछ देर घर पर रुकने के बाद वह बिना किसी शोर-शराबे के चुपचाप अपने ठिकाने पर लौट गया।

अंतिम यात्रा में शामिल व्यवसायी जयंत शाह, एडवोकेट राकेश सक्सेना और पूर्व पार्षद रामप्रकाश चौधरी ने बताया कि कालू का यह व्यवहार देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए। जिस बुजुर्ग ने सालों तक उसे खाना खिलाया और प्यार दिया, उनकी आखिरी विदाई में कालू भी परिवार के सदस्य की तरह शामिल हुआ। बेजुबान जानवर का यह अपनापन वहां मौजूद लोगों के दिल को छू गया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।