रांची: झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार को हंगामे के बीच शुरू हुआ। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर में सियासी हलचल तेज हो गई। मुख्य विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने हेमंत सोरेन सरकार को घेरते हुए जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और लंबित नियुक्तियों का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। सुबह से ही भाजपा विधायक हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विधानसभा के मुख्य द्वार पर जुटने लगे। उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं के भविष्य को लेकर सवाल उठाए। प्रदर्शन कर रहे भाजपा विधायकों का आरोप था कि राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन से लेकर परिणाम जारी करने तक पारदर्शिता की कमी देखने को मिल रही है। इससे लाखों अभ्यर्थियों में नाराजगी और निराशा है।

भाजपा विधायकों ने जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े सभी लंबित मामलों की निष्पक्ष जांच कराने के साथ नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की। विपक्ष का कहना था कि युवाओं को लंबे समय से नियुक्तियों का इंतजार है, लेकिन उनकी समस्याओं पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने अपना विरोध दर्ज करा दिया। सदन के बाहर शुरू हुआ यह प्रदर्शन अंदर भी जारी रहा। विशेष सत्र के पहले दिन ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव के संकेत दिखाई देने लगे।



