एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल में इंटर-हाउस क्रिकेट टूर्नामेंट संपन्न, शंख ने लहराया परचम

रांची के एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल में दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट संपन्न हुआ। बालक वर्ग में शंख हाउस ने दोहरा खिताब जीता, जबकि बालिका वर्ग में स्वर्णरेखा और कोयल हाउस विजेता बने।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल भारत माता चौक, हरमू रोड में आयोजित दो दिवसीय इंटर-हाउस क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन शनिवार को हुआ। दो दिनों तक चले इस प्रतियोगिता में स्कूल के दामोदर, कोयल, शंख और स्वर्णरेखा हाउस के छात्र-छात्राओं ने बालक एवं बालिका वर्ग में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में सीनियर बालिका वर्ग में स्वर्णरेखा हाउस और जूनियर बालिका वर्ग में कोयल हाउस ने जीत दर्ज कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि उपविजेता का खिताब क्रमशः दामोदर हाउस और स्वर्णरेखा हाउस के नाम रहा। वहीं बालक वर्ग के सीनियर और जूनियर दोनों ही श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए शंख हाउस ने दोहरा खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण शिक्षकों और शिक्षिकाओं के बीच खेला गया मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच रहा, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना का प्रसार करना था।

समापन समारोह के अवसर पर स्कूल के निदेशक कुणाल कश्यप ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। खेलों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं।

वहीं, स्कूल के प्राचार्य शादान आलम ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी जीवन का अहम हिस्सा हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों की छुपी हुई प्रतिभा को निखारने का कार्य करती हैं। कार्यक्रम का समापन विजेताओं को पुरस्कृत करने और सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।