उदगमंडलम: तमिलनाडु में भारी बारिश के कारण कुन्नूर और मेट्टुपालयम के बीच रेलवे पटरियों पर कई जगह भूस्खलन होने और पेड़ उखड़कर गिरने से नीलगिरि पर्वतीय रेलवे की सेवाएं शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी निलंबित रहीं। दक्षिण रेलवे के सलेम मंडल ने बताया कि लगातार हो रही बारिश, खासकर कुन्नूर और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण रेलवे मार्ग पर कई जगह चट्टानें खिसकने और मिट्टी धंसने की घटनाएं हुई हैं।

रेलवे कर्मचारी पटरियों से मलबा हटाने और रेल सेवाएं बहाल करने का काम कर रहे हैं। इसके चलते मेट्टुपालयम और उदगमंडलम के बीच दोनों दिशाओं में ट्रेन सेवाएं रद्द हैं। मेट्टुपालयम-उदगमंडलम (ऊटी) ट्रेन, जिसे नीलगिरि पर्वतीय रेलवे (एनएमआर) के नाम से जाना जाता है, ऐतिहासिक, इंजीनियरिंग, पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। पर्यटन के अलावा, यह ट्रेन लंबे समय से नीलगिरि के दूरदराज के पहाड़ी इलाकों में रहने वाले बागान श्रमिकों, स्कूली बच्चों और स्थानीय निवासियों के लिए परिवहन का एक महत्वपूर्ण साधन रही है।


