रामगढ़ : मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के अभियान को गति देने के लिए उत्तरी छोटानागपुर के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने शनिवार को रामगढ़ जिले के कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

आयुक्त ने रामगढ़ प्रखंड के बूथ संख्या 130, 131 और 132 के साथ चितरपुर प्रखंड के बूथ संख्या 235, 236 और 238 का निरीक्षण किया। जिन मतदान केंद्रों पर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 कम भरे गए थे, वहां के बीएलओ और पर्यवेक्षकों को घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने को कहा।
उन्होंने सभी फॉर्म भरवाने के बाद उनकी ऑनलाइन एंट्री समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा आयुक्त ने सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी से मेगा हेल्प डेस्क कैंपों की जानकारी ली। उन्होंने गांव और शहर में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे।


