ड्रमों में तैयार कर रखी गई थी 300 लीटर शराब
संयुक्त टीम की छापेमारी में विभिन्न ब्रांडों की सीलबंद बोतलों में भरी अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा ड्रमों में तैयार करके रखी गई लगभग 300 लीटर रंगीन विदेशी शराब भी जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान अवैध स्पिरिट, खाली बोतलें, ढक्कन, होलोग्राम, लेबल और कैरामेल समेत शराब निर्माण एवं पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी मिली।
मिट्टी के घर में चल रहा था अवैध कारोबार
जानकारी के अनुसार, गांडेय थाना क्षेत्र के निवासी देबू मरांडी के मिट्टी के घर में अवैध विदेशी शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी अभियान के दौरान इस ठिकाने का पता लगाया।
अवैध शराब के नेटवर्क की जांच तेज
कार्रवाई के बाद पुलिस अब इस कारोबार में शामिल लोगों की पहचान करने और अवैध शराब के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के उदनाबाद निवासी अभिषेक कुमार की संलिप्तता सामने आई है। वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ इस बात की भी जांच कर रही है कि अवैध शराब का निर्माण कहां-कहां किया जा रहा था और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जाती थी।


