राजधानी में दुर्गा पूजा को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, आज से 21 अक्टूबर तक सुबह 8 से भोर के 4 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री

रांची में दुर्गा पूजा के दौरान 14 से 21 अक्टूबर तक ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। भारी वाहनों की एंट्री पर रोक, कई रूट डायवर्ट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी में दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल घूमने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा या ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस ने पुख्ता तैयारियां कर ली हैं। आगामी 21 अक्टूबर तक चलने वाले इस महाआयोजन को लेकर शहर के कई प्रमुख मार्गों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किए गए हैं। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

ट्रैफिक एसपी के निर्देशानुसार, 14 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह आठ बजे से लेकर अगले दिन सुबह चार बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा मेन रोड पर दोपहर बाद 3:30 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक छोटे वाहनों का प्रवेश भी वर्जित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में कुल 17 स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं और ट्रैफिक एसपी ने आवश्यकतानुसार अन्य मार्गों को भी बंद करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और पुलिस द्वारा निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें ताकि पर्व का यह उल्लास शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

निजी और यात्री वाहनों के लिए डायवर्जन व पार्किंग व्यवस्था

14 से 21 अक्टूबर तक प्रतिबंध: इस अवधि में प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक कचहरी चौक से शहीद चौक और फिरायालाल चौक की ओर निजी व यात्री वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा।
सुजाता चौक से मेन रोड: सुजाता चौक की तरफ से मेन रोड आने वाले सभी प्रकार के निजी वाहनों का परिचालन सैनिक मार्केट व जीईएल चर्च कॉम्प्लेक्स तक ही सीमित रहेगा।

पार्किंग स्थल: श्रद्धालुओं के वाहनों की सुगमता के लिए कई जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सर्जना चौक व फिरायालाल चौक स्थित पंडाल आने वालों के लिए संत जेवियर कॉलेज परिसर में वाहन पार्किंग रहेगी। वहीं,बरियातू रोड से मेन रोड, जिला स्कूल और बकरी बाजार जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन बिरसा मुंडा संग्रहालय में पार्क किए जा सकेंगे।
ड्रॉप गेट्स: शहर में जगह-जगह ड्रॉप गेट बनाए गए हैं, जिनमें लॉ यूनिवर्सिटी के पास, बोडेया रिंग रोड के पास, आईआईटी रिंग रोड के पास, खेलगांव से कोकर जाने वाले मार्ग पर और दुर्गा सोरेन चौक के पास के मार्ग प्रमुख हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।