रांची: राज्य की लाखों महिलाओं के लिए एक बड़ी और खुशखबरी सामने आई है। दुर्गा पूजा से ठीक पहले मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत सितंबर माह की किस्त महिलाओं के बैंक खातों में भेज दी गई है। सरकार के निर्देशानुसार अधिकतर जिलों में प्रत्येक लाभार्थी के खाते में ढाई हजार रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं, जबकि शेष बचे जिलों में अगले एक-दो दिनों के भीतर भुगतान पूरा होने की पूरी संभावना है।

जिलों से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, रांची में लगभग 3.93 लाख और गुमला में 1.52 लाख महिला लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। वहीं गिरिडीह में 4.56 लाख, जामताड़ा में 1.52 लाख, लातेहार में 1.29 लाख और धनबाद में लगभग 3.46 लाख से अधिक महिलाओं को कुल 86.59 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसके अलावा पाकुड़, कोडरमा, पलामू और रामगढ़ जिलों में भी राशि भेजी जा चुकी है।
सामाजिक सुरक्षा विभाग का कहना है कि जिन जिलों में अभी तक भुगतान प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, वहां जल्द से जल्द राशि भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही, विभाग दीवाली से पहले ही लाभार्थियों के खातों में अक्टूबर माह की भी किस्त जारी करने की योजना बना रहा है। इसके लिए दुर्गा पूजा के तुरंत बाद सामाजिक सुरक्षा निदेशालय सभी संबंधित जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा।


