डीएसपीएमयू में पीएचडी के लिए 48 सीटें तय, 25 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

रांची के डीएसपीएमयू में पीएचडी और पीजी दाखिले के आवेदन शुरू हो गए हैं। सीयूजे में भी स्नातक की रिक्त सीटों और पीजी पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों ही पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके तहत अभ्यर्थी 25 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

कुलपति डॉ. राजीव मनोहर की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद यूजीसी पीएचडी विनियम-2022 के प्रावधानों के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके तहत जेआरएफ, असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी के लिए पात्रता प्राप्त नेट तथा झारखंड पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के 16 विभागों में पीएचडी की कुल 48 रिक्त सीटें उपलब्ध हैं। इनमें मानवविज्ञान में 5, बांग्ला में 4, वनस्पति विज्ञान में 3, रसायन विज्ञान में 8, अंग्रेजी में 1, अर्थशास्त्र में 2, हिंदी में 3, इतिहास में 2, भूगोल में 1, दर्शनशास्त्र में 1, राजनीति विज्ञान में 8, भौतिकी में 2, मनोविज्ञान में 1, संस्कृत में 1, प्राणिविज्ञान (जूलॉजी) में 5 और उर्दू में 1 सीट शामिल है।

सीयूजे: स्नातक की रिक्त सीटों पर विशेष राउंड दाखिला शुरू

दूसरी ओर, केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए विशेष राउंड सह मॉप-अप राउंड की घोषणा की है। इसके तहत अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रवेश प्रक्रिया, जबकि अन्य श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए मॉप-अप राउंड का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 13 से शुरू होकर 19 अक्टूबर तक चलेगा। अभ्यर्थियों की सूची 22 अक्टूबर को जारी होगी और दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन 23 अक्टूबर की सुबह 10:30 से दोपहर 2:30 बजे तक किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को उसी दिन ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा करना होगा।

पीजी सत्र 2026-28 के लिए भी आवेदन आमंत्रित

इसके साथ ही पारंपरिक और व्यावसायिक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिसकी अंतिम तिथि 25 अक्टूबर निर्धारित की गई है। विस्तृत जानकारी के लिए छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.cuj.ac.in पर जाकर विवरण देख सकते हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।