यदि अन्नाद्रमुक के विधायक पाला बदलते हैं, तो टीवीके इस पर विचार करेगी : अरुणराज

तमिलनाडु के मंत्री केजी अरुणराज ने कहा कि टीवीके अन्नाद्रमुक विधायकों को तोड़ने की पहल नहीं करेगी, लेकिन नेतृत्व से असंतुष्ट विधायकों के पाला बदलने पर विचार कर सकती है।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चेन्नई : तमिलनाडु के मंत्री के. जी. अरुणराज ने बुधवार को कहा कि सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) किसी भी विधायक को दलबदल कराने के लिए सक्रिय रूप से प्रयास नहीं करेगी लेकिन यदि अन्नाद्रमुक के विधायक अपने नेतृत्व को नकार कर पाला बदलने का विकल्प चुनते हैं, तो इस पर विचार किया जायेगा। स्वास्थ्य मंत्री अरुणराज ने यहां किलपॉक मेडिकल कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी की फिलहाल ऐसी कोई विशेष योजना नहीं है, लेकिन राजनीतिक घटनाक्रम के अनुसार पार्टी उचित निर्णय लेने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा, “देखिए, हमारा ऐसा कोई लक्ष्य नहीं है… इस संबंध में हमारा कोई अभियान नहीं है। यदि अपनी ही पार्टी के भीतर के कारणों से विधायक अपने नेतृत्व को अस्वीकार करके हमारे पास आते हैं, तो देखते हैं। उचित समय आने पर इस पर विचार करेंगे।’’ उन्होंने यह भी घोषणा की कि स्वास्थ्य मंत्रालय जल्द ही जनता को स्वास्थ्य देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण परामर्श देने के वास्ते औपचारिक रूप से एक ‘स्वास्थ्य नीति’ की शुरुआत करेगा। हाल में बजट सत्र के दौरान घोषित एक पहल का उल्लेख करते हुए उन्होंने जीवनशैली में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया।

बजट सत्र के दौरान उन्होंने अत्यधिक नमक के सेवन को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उस बहुआयामी राज्यव्यापी मिशन की शुरुआत की थी जिसका मकसद उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी बीमारियों के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाना है। अरुणराज ने वैज्ञानिक अध्ययनों का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में लोग प्रतिदिन औसतन 7 से 8 ग्राम नमक का सेवन करते हैं, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की प्रतिदिन पांच ग्राम से कम नमक सेवन की निर्धारित सीमा से काफी अधिक है।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि हम अपने दैनिक आहार में नमक की मात्रा केवल एक ग्राम भी कम कर दें, तो इससे हृदय रोगों और उच्च रक्तचाप से होने वाली बीमारियों को कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।’’

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।