रांची : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने शांतनु मिश्रा को राजीव गांधी पंचायती राज संगठन का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश तथा सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

पार्टी नेतृत्व के इस निर्णय से झारखंड में पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की दिशा में नई ऊर्जा मिलेगी। वहीं, राजीव गांधी के विचारों एवं लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण की भावना के अनुरूप ग्राम सभाओं और पंचायतों को अधिकार संपन्न बनाना, ग्रामीण जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा गांवों के अंतिम व्यक्ति तक लोकतंत्र की शक्ति पहुंचाना संगठन की प्रमुख प्राथमिकता होगी।
शांतनु मिश्रा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे। झारखंड में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन को पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को उठाने तथा पंचायतों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि “सशक्त ग्राम सभा, अधिकार संपन्न पंचायत और जनभागीदारी पर आधारित लोकतंत्र ही राजीव गांधी के सपनों के भारत की वास्तविक नींव है।” शांतनु मिश्रा ने विश्वास जताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से झारखंड में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लक्ष्य को नई गति मिलेगी।


