
विपिन कुमार चतरा सदर थाना प्रभारी के रूप में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। टंडवा में नई जिम्मेदारी मिलने से पहले वह सदर और हंटरगंज इंस्पेक्टर के पद पर भी कार्यरत रहे हैं।
कोल परियोजनाओं की सुरक्षा और अपराध पर अंकुश बड़ी चुनौती
टंडवा क्षेत्र में कोयला परियोजनाओं की मौजूदगी के कारण सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। नए थाना प्रभारी के सामने कोल परियोजनाओं में अवैध वसूली, गैंगस्टरों से जुड़ी गतिविधियों और अन्य आपराधिक मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने की चुनौती होगी।
इसके साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
पुलिस पर पथराव की घटना के बाद खाली था पद
हाल ही में टंडवा थाना क्षेत्र में पुलिस पर पथराव की घटना हुई थी, जिसमें तत्कालीन थाना प्रभारी पप्पू शर्मा घायल हो गए थे। इसके बाद थाना प्रभारी का पद रिक्त था। इस दौरान एसपी के निर्देश पर हंटरगंज के पूर्व थाना प्रभारी एसआई प्रभात कुमार क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल पर जोर
पदभार ग्रहण करने के बाद विपिन कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखना, अपराधियों पर लगाम लगाना और कोल परियोजनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने की बात भी कही।
नए थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि लोग बिना किसी झिझक के थाने पहुंचकर अपनी समस्याएं बता सकें और उन्हें उचित सहायता मिल सके।
उन्होंने कहा कि चतरा में सदर थाना प्रभारी के रूप में काम करने के दौरान लोगों ने उनकी कार्यशैली को करीब से देखा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता और पुलिस के बीच दूरी कम करने तथा बेहतर संबंध कायम रखने के लिए गंभीरता से काम किया जाएगा।
अब टंडवा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कोल परियोजनाओं की सुरक्षा और पुलिस-पब्लिक संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में नए थाना प्रभारी की कार्यशैली पर नजर रहेगी।


