किन्नौर : यह है तरंडा ढांक, किन्नौर का सबसे रोमांचक और दिल थाम देने वाला मार्ग। यहां सड़क ऊँची खड़ी पहाड़ी चट्टानों को काटकर बनाई गई है, जहां एक तरफ विशाल पत्थरों की दीवार और दूसरी तरफ गहरी खाई के नीचे बहती सतलुज नदी नजर आती है। इस रास्ते से गुजरते समय हर मोड़ पर जैसा दृश्य मिलता है, वह रोमांच और सुंदरता दोनों का एहसास कराता है। यह स्थान हिमाचल प्रदेश में शिमला से किन्नौर की ओर जाते हुए नेशनल हाइवे पर पड़ता है और रिकांग पियो के रास्ते में आता है। पहले के समय में यह मार्ग तिब्बत और रामपुर बुशहर रियासत के बीच व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता था। आज तरंडा ढांक अपने साहस भरे रास्ते, प्राकृतिक खूबसूरती और अनोखी पहाड़ी संरचना के कारण यात्रियों के लिए यादगार अनुभव बन जाता है।



