कांग्रेस में रांची की तर्ज पर अब धनबाद और जमशेदपुर में भी होंगे महानगर अध्यक्ष

झारखंड में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला हुआ है। धनबाद और जमशेदपुर में महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति के प्रस्ताव को एआईसीसी की मंजूरी मिली।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के प्रस्ताव पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अपनी सहमति प्रदान करते हुए धनबाद और जमशेदपुर में भी महानगर अध्यक्षों के मनोनयन का रास्ता साफ कर दिया है। रांची की तर्ज पर अब धनबाद और जमशेदपुर में भी महानगर अध्यक्ष मनोनीत किए जाएंगे। इस निर्णय से दोनों शहरों में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
इस संबंध में कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा पार्टी की सांगठनिक संरचना को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं। धनबाद और जमशेदपुर में महानगर अध्यक्षों के मनोनयन का प्रस्ताव इसी संगठनात्मक सोच का परिणाम है, जिस पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अपनी मुहर लगा दी है।

राकेश सिन्हा ने कहा कि धनबाद और जमशेदपुर झारखंड के प्रमुख शहरी केंद्र हैं। इन दोनों शहरों में महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति से संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा जनसमस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए पार्टी को एक प्रभावी सांगठनिक मंच मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और पार्टी को बूथ से लेकर महानगर स्तर तक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। महानगर अध्यक्षों के मनोनयन से पार्टी की सांगठनिक जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन होगा और स्थानीय स्तर पर कांग्रेस की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

कांग्रेस के मीडिया प्रभारी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी का उद्देश्य केवल संगठनात्मक ढांचे का विस्तार करना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रखते हुए आम लोगों की समस्याओं और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष को और प्रभावी बनाना है। धनबाद और जमशेदपुर में महानगर अध्यक्षों के मनोनयन का निर्णय इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।