रांची: रांची नगर निगम द्वारा शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और पथ चौड़ीकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर कड़ा कदम उठाया गया है। शुक्रवार को नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने कार्रवाई करते हुए मेन रोड ओवरब्रिज के पास सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और संबंधित भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया।

निगम प्रशासन के अनुसार, मेन रोड स्थित कॉब इटली शोरूम और राज मेडिकल हॉल द्वारा पथ चौड़ीकरण क्षेत्र में अतिक्रमण कर अवैध संरचनाओं का निर्माण कर लिया गया था। इस संबंध में स्थल की नापी करवाकर अतिक्रमित क्षेत्र को पहले ही चिह्नित किया जा चुका था तथा संबंधित दुकानदारों व पक्षों को समय रहते अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्देश का पालन न होने पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंच कर चिह्नित हिस्से को हटा दिया।
रांची नगर निगम ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि सार्वजनिक भूमि, गिफ्ट डीड तथा पथ चौड़ीकरण की जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहरवासियों को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने और यातायात को सुचारु बनाने के लिए इस तरह का अतिक्रमण रोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


