रांची हज हाउस में मनाया गया सर सैयद डे, शिक्षा और समाज सुधार के योगदान को किया गया याद

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : एएमयू एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से शनिवार को कडरू स्थित हज हाउस में सर सैयद डे मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शामिल हुए। उन्होंने सर सैयद अहमद खान के योगदान और उनकी कुर्बानियों को याद करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में डॉ. अशरफ, रशिया से और मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. इमरान अंसारी मौजूद रहे। डॉ. इमरान अंसारी ने अपने प्रेरक संबोधन से लोगों में जोश और उत्साह भरते हुए सर सैयद अहमद खान के संघर्ष, त्याग और शैक्षणिक मिशन पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और समाज की तरक्की में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विरासत हुसैन खान ने की, जबकि आमिर अनस, तबरेज अजीज और इब्रारुल होदा उर्फ मुनमुन भाई ने संयुक्त रूप से संचालन किया। वक्ताओं में एएमयू झारखंड के महासचिव डॉ. नसीम अख्तर, प्रोफेसर तैय्यब, प्रोफेसर डॉ. तारिक सज्जाद और शाहनवाज खान शामिल थे। सभी वक्ताओं ने सर सैयद अहमद खान के विचारों, शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समाज में जागरूकता लाने के प्रयासों को याद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत कुरआन की तिलावत से हुई। इस अवसर पर सोसाइटी की सामाजिक गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि रांची में पंजीकृत एएमयू एलुमनाई सोसाइटी शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, करियर काउंसिलिंग और निःशुल्क मेडिकल कैंप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, ताकि जरूरतमंद विद्यार्थियों और लोगों को लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में शामिल अतिथियों का एएमयू एलुमनाई एसोसिएशन झारखंड की ओर से मोमेंटो, शॉल और बुके देकर स्वागत किया गया। वहीं, आयोजन समिति के सदस्यों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में तबरेज अजीज ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके बाद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) का तराना पेश किया गया। तराना सुनकर वहां मौजूद एएमयू के पूर्व छात्र भावुक हो उठे और उन्हें विश्वविद्यालय में बिताए पुराने दिनों की याद ताजा हो गई। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात की और आपसी मेलजोल के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

इस मौके पर डॉ. नसीम अख्तर, तबरेज अजीज, आमिर अनस, इब्रारुल, अब्दुल मुगनी, इसरार खान, शारिक अहमद, नफीस अहमद खान, डॉ. मुहीब, सैयद ओजैर अहमद, मो. जीशान, शान अहमद, आयशा खालिद, अरशद कमाल गुड्डू, प्रफेसर ग़ालिब नश्तर समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।

Share This Article