जयपुर : राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ की पाकिस्तान से संबंधित विवादित टिप्पणी के खिलाफ शनिवार को अजमेर में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राठौड़ के खिलाफ नारे लगाए, पोस्टर चिपकाए और उन पर काली स्याही पोती। युवा कांग्रेस के संयोजक मोहित मल्होत्रा ने राठौड़ पर पाकिस्तान का समर्थन करने का आरोप लगाया और कहा कि उनका प्रदर्शन पड़ोसी देश के समर्थन में दिए गए राठौड़ के बयान के खिलाफ है।

प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय के ‘साइनबोर्ड’ पर भी काली स्याही फेंकने की कोशिश की और राठौड़ के पोस्टर जलाए। कुछ कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय में युवा कांग्रेस के झंडे लगा दिए, दीवारों पर काली स्याही से राठौड़ के खिलाफ नारे लिखे और चले गए। मल्होत्रा ने कहा, “अगर मदन राठौड़ पाकिस्तान का समर्थन करते हैं, तो उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए।”
यह विवाद बृहस्पतिवार को पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक सेमिनार में राठौड़ के बयान के बाद शुरू हुआ।
उन्होंने कहा था कि अगर पाकिस्तान अमेरिका के खिलाफ खेलता है, तो वह पाकिस्तान का समर्थन करेंगे, क्योंकि पाकिस्तान भारत का पड़ोसी देश है। राठौड़ ने यह भी कहा था कि जो लोग पाकिस्तान के खिलाफ भारत की हार का जश्न मनाने के लिए पटाखे फोड़ते हैं, उन्हें देशभक्त नहीं माना जा सकता।
हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद राठौड़ ने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया और उसे संदर्भ से हटाकर दिखाया गया।


