मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालकिन काव्या मारन की शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों नवंबर 2026 में शादी के बंधन में बंध सकते हैं। वहीं, 21 नवंबर को चेन्नई में शादी का रिसेप्शन आयोजित किए जाने की खबर है। हालांकि, दोनों की ओर से शादी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री की पोस्ट के बाद बढ़ी चर्चा
इस खबर ने तब ध्यान खींचा, जब तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के आधिकारिक एक्स हैंडल से सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और उनकी पत्नी कावेरी मारन के साथ मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो साझा किए गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मुलाकात के दौरान मारन दंपती ने मुख्यमंत्री को अनिरुद्ध और काव्या के शादी के रिसेप्शन के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद से ही शादी की तारीख और समारोह को लेकर अटकलें तेज हो गईं।
कौन हैं काव्या मारन?
काव्या मारन बिजनेस जगत के चर्चित परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ी हुई हैं। आईपीएल के दौरान उन्हें अक्सर टीम का समर्थन करते और मैचों के दौरान स्टैंड्स में देखा जाता है। क्रिकेट प्रशंसकों के बीच उनकी अच्छी पहचान है।
अनिरुद्ध रविचंदर संगीत की दुनिया का बड़ा नाम
अनिरुद्ध रविचंदर दक्षिण भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय संगीतकारों में शामिल हैं। उन्होंने कई फिल्मों के लिए हिट गाने और यादगार बैकग्राउंड स्कोर तैयार किए हैं। उनके संगीत की लोकप्रियता तमिल सिनेमा से आगे भी फैली हुई है। ऐसे में काव्या मारन के साथ उनकी शादी की खबर ने मनोरंजन और क्रिकेट जगत के प्रशंसकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
रिसेप्शन में शामिल हो सकते हैं कई बड़े नाम
रिपोर्ट्स के अनुसार, चेन्नई में होने वाले रिसेप्शन में सिनेमा, कारोबार और राजनीति की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हो सकती हैं। यह भी दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय को आमंत्रित किया गया है। हालांकि, मेहमानों की अंतिम सूची और समारोह की आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है। फिलहाल, इस कथित शादी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं जारी हैं।


