अधिग्रहित कंपनियों का कारोबार स्थिर होने के बाद स्वास्थ्य बीमा में अवसर तलाशेगा बंधन समूह: चेयरमैन

बंधन फाइनेंशियल सर्विसेज के चेयरमैन चंद्रशेखर घोष ने कहा कि हालिया अधिग्रहण के कारोबार को स्थिर करने के बाद बंधन समूह स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र में प्रवेश के अवसर तलाशेगा।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: बंधन समूह की कंपनी बंधन फाइनेंशियल सर्विसेज के चेयरमैन चंद्रशेखर घोष ने कहा है कि कंपनी स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र में अवसर तलाशेगी। हालांकि, इसके लिए उसे हाल में अधिग्रहीत म्यूचुअल फंड और जीवन बीमा कंपनियों के कारोबार को स्थिर करने का इंतजार है।

आईडीएफसी म्यूचुअल फंड, आईडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी और एगॉन लाइफ इंश्योरेंस का अधिग्रहण बंधन फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (बीएफएसएल) की अनुषंगी कंपनी बंधन फाइनेंशियल होल्डिंग्स लिमिटेड (बीएफएचएल) ने किया था। बीएफएचएल, बंधन बैंक की प्रवर्तक कंपनी भी है।

बीएफएसएल ने अन्य निवेशकों के साथ मिलकर 2023 में आईडीएफसी म्यूचुअल फंड का अधिग्रहण किया था। इसके बाद 2024 में एगॉन लाइफ इंश्योरेंस का अधिग्रहण किया गया।

घोष ने पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा कि समूह का तत्काल ध्यान मौजूदा कारोबार को मजबूत करने पर है। इसके बाद ही विस्तार के नए अवसरों पर विचार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समूह की नई कारोबार क्षेत्रों में उतरने की रणनीतिक योजना है, लेकिन अभी यह बताने का सही समय नहीं है कि वह स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र में कब प्रवेश करेगा।

उन्होंने इस क्षेत्र को एक बड़ा अवसर बताया।

घोष ने कहा कि समूह ने पिछले साढ़े तीन साल में अपने सामाजिक क्षेत्र के कामकाज के अलावा तीन कंपनियों का अधिग्रहण किया है। फिलहाल उसका ध्यान इन कारोबार को व्यवस्थित करने और उनके एकीकरण पर है।

उन्होंने कहा, ‘‘इन अधिग्रहण से जुड़े कारोबार को व्यवस्थित करने की जरूरत है और फिलहाल हमारा ध्यान इसी पर है। किसी अन्य क्षेत्र में उतरने से पहले इसमें समय लगेगा।’’

घोष ने कहा कि एक संयुक्त बीमा लाइसेंस मिलने से समूह के लिए इस क्षेत्र में अवसर तलाशना आसान हो जाएगा।

संसद की एक समिति ने 2024 में सुझाव दिया था कि बीमा कंपनियों को एक ही इकाई के तहत जीवन, साधारण और स्वास्थ्य बीमा कारोबार करने की अनुमति देने के लिए संयुक्त लाइसेंस की व्यवस्था शुरू की जानी चाहिए। इसका उद्देश्य देश में बीमा की पहुंच बढ़ाना है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।