अमेठी (उप्र): जिले के अमेठी रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्थर मारने से लखनऊ वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस के गार्ड हरकेश कुमार घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात वाराणसी लखनऊ 24203 इंटरसिटी एक्सप्रेस लखनऊ के लिए जा रही थी और अमेठी में ट्रेन का ठहराव है। अमेठी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन के अमेठी रेलवे स्टेशन पर रुकने के बाद प्लेटफार्म के पिछले हिस्से से एक अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर मार दिया जिससे गार्ड हरकेश कुमार घायल हो गए, लेकिन ट्रेन को कोई नुकसान नहीं हुआ है। जीआरपी अमेठी के चौकी प्रभारी किशन बिंदु ने बताया कि गार्ड के सिर में एक पत्थर लगा था और उनका प्राथमिक उपचार ट्रेन में ही किया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में रेलवे अधिनियम के तहत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके जांच की जा रही है।



