रांची: रांची नगर निगम ने शहर के कोचिंग संस्थानों और आगामी छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर दो महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, वहीं छठ घाटों पर सुरक्षा और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

निगम प्रशासन के अनुसार शहर में कई कोचिंग संस्थान ऐसे भवनों में चलाए जा रहे हैं जिनका स्वीकृत भवन नक्शा या तो उपलब्ध नहीं है या फिर वे आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत हैं। इसके अलावा इन संस्थानों में पार्किंग, इमरजेंसी एग्जिट और फायर एनओसी जैसी बुनियादी सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी भारी कमी पाई गई है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों को सील किया जाएगा। हालांकि, जिन संचालकों ने संस्थान को अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए समय मांगा है, उन्हें इसके वास्ते एक नोटराइज्ड शपथ पत्र के साथ निगम में विधिवत आवेदन देना होगा। केवल मौखिक अनुरोध पर कोई छूट नहीं दी जाएगी।
दूसरी ओर महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शहर के सभी तालाबों और छठ घाटों पर साफ-सफाई का काम तेजी से चल रहा है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घाटों पर मुकम्मल सफाई हो, गहरे पानी वाले खतरनाक स्थलों पर लाल फीते लगाकर और साइनेज के जरिए खतरे के निशान दर्शाए जाएं। घाटों के आसपास की खराब स्ट्रीट लाइटों को तुरंत ठीक कराया जाए ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


