ट्रेन की पैंट्री कार से रांची पहुंचाई जाती थी नशे की खेप, एनसीबी की कार्रवाई में खुलासा

रांची में एनसीबी ने ट्रेन की पैंट्री कार से ड्रग्स तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। एक युवती समेत छह आरोपी गिरफ्तार, जयपुर-दिल्ली तक नेटवर्क फैला।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने रांची में एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए ट्रेन की पैंट्री कार के जरिए नशे की खेप मंगवाने और बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एनसीबी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर एक युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह ट्रेन की पैंट्री कार का इस्तेमाल कर ओडिशा और अन्य राज्यों से नशीले पदार्थ रांची व आसपास के जिलों तक पहुंचाता था।

एनसीबी को पिछले 14 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन की पैंट्री कार से रांची स्टेशन पर नशे की एक खेप आने वाली है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने बरियातू हाउसिंग कॉलोनी के पास एक संदिग्ध हुंडई एक्सेन्ट कार को घेरा और उसमें सवार अपर बाजार निवासी रजत जैन और ओरमांझी निवासी उचित कुमार को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर 18 ग्राम कोकीन, 16.5 ग्राम एमडीएमए, 3.5 ग्राम गांजा और 1.5 ग्राम एमडी के अलावा एक हुंडई एक्सेन्ट कार बरामद हुई।

पुछताछ के दौरान रजत जैन ने स्वीकार किया कि यह खेप लेने आकाश मल्होत्रा आया था, जिसके बाद टीम ने उसे भी दबोच लिया। आकाश की निशानदेही पर टीम ने अन्य आरोपियों मिलन सिंह जुगसलाई जमशेदपुर और ऋषभ जैन को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एमडीएमए और गांजा भी जब्त किया गया है। एनसीबी की पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि इस सिंडिकेट का दायरा जयपुर और दिल्ली तक फैला हुआ है। फिलहाल, एजेंसी इन आरोपियों को रिमांड पर लेकर इनसे गहन पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।