रायपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को छत्तीसगढ़ के अपने दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचीं। इस दौरान वह राजधानी रायपुर और जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू दोपहर 12 बजे के बाद एक विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर पहुंची, जहां राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। अधिकारियों ने बताया कि हवाई अड्डे से राष्ट्रपति लोक भवन के लिए रवाना हुईं, जहां वह पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में एक स्मारक सिक्का जारी करेंगी।

उन्होंने बताया कि इसके बाद, वह रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई त्योहार के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रमों में शामिल होंगी। शुक्रवार को राष्ट्रपति बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में ‘मुरिया दरबार’ में शामिल होंगी और बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। अधिकारियों ने बताया कि ‘मुरिया दरबार’ को एक पारंपरिक आदिवासी सभा या ‘आदिम जन संसद’ माना जाता है, जिसका आयोजन बस्तर दशहरा उत्सव के हिस्से के रूप में किया जाता है। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर और बस्तर जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और इन जिलों में कई जगहों पर यातायात का मार्ग बदल दिया गया है।


