खूंटी में फादर बेनेदिक्त बारला पर हमले का खुलासा, चोरी करने घुसे 3 नाबालिग पकड़े गए

खूंटी में फादर बेनेदिक्त बारला पर हुए हमले का पुलिस ने खुलासा किया है। चोरी के इरादे से घुसे तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Khunti News: झारखंड के खूंटी में आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक और संत मिखाइल महागिरजाघर के फादर बेनेदिक्त बारला पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के इरादे से स्कूल परिसर में घुसे थे। इसी दौरान फादर से सामना होने पर पकड़े जाने के डर से उन पर हमला कर दिया।
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर यह कार्रवाई की है। मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

85,747 रुपये नकद समेत कई सामान बरामद

पुलिस ने तीनों नाबालिगों के पास से 85,747 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, मफलर, जैकेट, पेचकस, टॉर्च, होम थिएटर, चप्पल और कपड़े समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। पकड़े गए नाबालिगों की उम्र 13, 14 और 15 वर्ष बताई गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

गंभीर हालत में मिले थे फादर बेनेदिक्त बारला

घटना 20 अक्टूबर 2026 की रात की है। अगले दिन, 21 अक्टूबर की सुबह, फादर बेनेदिक्त बारला स्कूल परिसर में गंभीर रूप से घायल और अचेत अवस्था में मिले थे। उन्हें पहले खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद विरोध प्रदर्शन, फरार आरोपी की तलाश जारी

हमले की खबर सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को खूंटी में लोगों ने मौन जुलूस निकाला, जबकि रांची में भी विरोध प्रदर्शन हुए।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।