चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांड्राशाली थाना क्षेत्र के तुंगी गांव में एक महिला की हत्या कर उसके शव को घर के अंदर गड्ढा खोदकर दफनाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 40 वर्षीय गुरुवारी हांसदा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवारी पिछले चार दिनों से लापता थी। महिला के नहीं मिलने पर पड़ोसियों ने उसकी शादीशुदा बेटियों को सूचना दी। मायके पहुंचने पर बेटियों को घर की दीवारों पर खून के निशान दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर के फर्श की खुदाई कराई, जहां से महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है।
शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


