अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी एक ऐसी बात साझा की है, जो कई महिलाओं को अपने रिश्ते की याद दिला सकती है। उन्होंने बताया कि उनके पति और अभिनेता विजय देवरकोंडा मासिक धर्म के दौरान होने वाले दर्द और भावनात्मक बदलावों को समझने की कोशिश करते हैं। इस दौरान विजय का साथ और उनकी छोटी-छोटी कोशिशें रश्मिका को काफी सुकून देती हैं।

पहले ही विजय को बता देती हैं रश्मिका
मिड-डे को दिए एक इंटरव्यू में रश्मिका ने बताया कि विजय के घर में पहले मासिक धर्म पर खुलकर चर्चा नहीं होती थी। हालांकि, अब वह उनकी तकलीफ को समझते हैं। रश्मिका ने कहा कि वह अपनी भावनाओं को खुलकर जाहिर करती हैं। अगर उन्हें बिना किसी खास वजह के उदासी महसूस होती है, तो वह विजय को बता देती हैं कि कुछ दिनों में उनके पीरियड्स शुरू होने वाले हैं और उन्हें इस समय उनके साथ की जरूरत है।
हाथ-पैर दबाकर दर्द में राहत देने की कोशिश
रश्मिका ने बताया कि विजय उन्हें बेहतर महसूस कराने के लिए अपने तरीके से कोशिश करते हैं। वह उनके पेट पर हल्के हाथों से मालिश करते हैं और हाथ-पैर दबाते हैं। अभिनेत्री के मुताबिक, विजय जानते हैं कि वह खुद मासिक धर्म के दर्द को महसूस नहीं कर सकते, लेकिन वह अपनी तरफ से जो कर सकते हैं, वह करते हैं। रश्मिका के लिए यही कोशिश काफी मायने रखती है।
रिश्ते में समझ और भावनात्मक सहयोग जरूरी
रश्मिका की बातों से साफ है कि किसी रिश्ते में हर परेशानी को पूरी तरह समझ पाना हमेशा संभव नहीं होता, लेकिन मुश्किल समय में साथ देना बहुत जरूरी है। मासिक धर्म के दौरान महिलाओं को शारीरिक दर्द के साथ भावनात्मक उतार-चढ़ाव भी महसूस हो सकते हैं। ऐसे में साथी का धैर्य, संवेदनशीलता और सहयोग उन्हें बेहतर महसूस कराने में मदद कर सकता है। रश्मिका और विजय की यह बात बताती है कि रिश्ते में छोटी-छोटी कोशिशें भी प्यार को खास बना सकती हैं।


