रांची: झारखंड की राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से 28 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए रांची जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है। उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और जरूरी तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है।

भारी बारिश से इन इलाकों में बढ़ सकती है परेशानी
जिला प्रशासन के मुताबिक लगातार भारी बारिश होने पर रांची की निचली बस्तियों और सड़कों पर पानी भरने की आशंका है। इससे आम लोगों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है। वहीं, कच्चे मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों और कमजोर इमारतों को भी नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा नदियों और बड़े नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। खेतों में पानी जमा होने से फसलों को भी नुकसान हो सकता है। इन संभावित खतरों को देखते हुए रांची के डीसी ने अधिकारियों को लगातार स्थिति पर नजर रखने और समय रहते जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं। चक्रवाती तूफान के असर से निचले इलाकों में जलजमाव होने, नदियों और बड़े नालों का जलस्तर बढ़ने और कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। ऐसे में किसी भी तरह की परेशानी से निपटने के लिए प्रशासन पहले से सतर्क हो गया है।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी संबंधित विभागों को लगातार हालात पर नजर रखने और जरूरी तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है। आपदा प्रबंधन, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, राजस्व और जल संसाधन विभाग को खास सतर्कता बरतने को कहा गया है, ताकि आपात स्थिति पैदा होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। वहीं, जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचें और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहें।
बिजली से जुड़ी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
रांची के कुसई कॉलोनी में बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर बिजली विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, उपभोक्ता बिजली कटौती या आपूर्ति से जुड़ी अन्य शिकायतें दर्ज कराने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 9431135682 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, जन समस्या निवारण केंद्र के लिए 9031110118, 9031110119 और 9031110120 नंबर भी जारी किए गए हैं। बिजली से जुड़ी किसी भी परेशानी की स्थिति में उपभोक्ता इन नंबरों पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।


