रांची: रांची यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन में आधुनिक डिजिटल स्टूडियो के निर्माण की दिशा में पहल शुरू हो गई है। सोमवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग और मुंबई से आई ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (बीसीआईएल) की टीम ने विभाग का तकनीकी सर्वेक्षण किया। इस दौरान स्टूडियो निर्माण के लिए उपलब्ध सुविधाओं और स्थान का निरीक्षण किया गया।

संभावनाओं का आकलन
सर्वे टीम ने इंटरैक्टिव स्टूडियो के निर्माण की संभावनाओं का आकलन किया। बीसीआईएल की टीम में डॉ. सुनील करे, रणजीत बेदी और प्रोबिन मंडल के अलावा एच-आर-डी के चंदन कुमार, अभिनव कोहली और नमदिप्ता साहू शामिल थे। रांची यूनिवर्सिटी की ओर से सीवीपीएस की निदेशक डॉ. स्मृति सिंह, आईटी एवं डिजिटल लर्निंग के निदेशक डॉ. राजकुमार और स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन के निदेशक डॉ. बसंत कुमार झा ने टीम को विभाग की सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी दी।
लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम से होगा लेैस
राज्य सरकार उच्च शिक्षा में डिजिटल शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीएसिआई-एसपीवी के सहयोग से लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) विकसित कर रही है। इसके तहत विश्वविद्यालय के विभागों और कॉलेजों में इंटरैक्टिव स्मार्ट क्लासरूम विकसित करने के साथ डिजिटल शैक्षणिक सामग्री तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। आधुनिक डिजिटल स्टूडियो से शिक्षण सामग्री के निर्माण और तकनीक आधारित पढ़ाई को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह टीम भौतिक निरीक्षण, तकनीकी अध्ययन और जरूरत का आकलन कर विभाग को विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) सौंपेगी।
बीसीआईएल टीम करेगी अन्य विश्वविद्यालयों का दौरा
28 अक्टूबर को कोल्हान विश्वविद्यालय एवं जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के लिए बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी परिसर का दौरा करेगी। 29 अक्टूबर को टीम बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद जाएगी। 30 अक्टूबर को सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका परिसर का दौरा करेगी।


