रांची: राजधानी रांची में गैंगस्टर राहुल सिंह गिरोह के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को विधानसभा थाना क्षेत्र में पुलिस और गिरोह के कथित शूटरों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, कुछ समय पहले कांके थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप के पास फायरिंग कर दहशत फैलाने की घटना घटी थी। पुलिस की छानबीन में इस वारदात के पीछे राहुल सिंह गिरोह के दो संदिग्ध शूटरों के शामिल होने का खुलासा हुआ था, जिसके बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
मंगलवार को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि दोनों संदिग्ध आरोपी विधानसभा थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उनका पीछा करना शुरू किया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिसकर्मियों पर ही फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
पैर में गोली लगने के बाद धराए
पुलिस की जवाबी फायरिंग में ‘शाहिद’ नामक अपराधी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। गोली लगने के बावजूद उसने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर घायल शाहिद और उसके एक अन्य साथी को धर दबोचा। फिलहाल, घायल अपराधी शाहिद को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि गिरफ्तार दूसरे आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


