रांची: राजधानी रांची की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग व पोस्टर के माध्यम से अपना प्रचार करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ झारखंड स्टेट मेडिकल काउंसिल ने सख्त कदम उठाया है। काउंसिल ने ऐसे 8 डॉक्टरों को नोटिस जारी किया है। झारखंड स्टेट मेडिकल काउंसिल के निबंधक सह सचिव डॉ. बिमलेश सिंह ने इन अस्पतालों और डॉक्टरों को नोटिस भेजा है।

जारी किए गए नोटिस में डॉक्टरों को यह बताया गया है कि उन्होंने ‘प्रोफेशनल कंडक्ट, एथिक्स एंड एथिक्स रेगुलेशंस, 2002’ के प्रावधानों का उल्लंघन किया है। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के आचार संहिता नियमों की अनदेखी कर पोस्टर व होर्डिंग्स के जरिए प्रचार किया गया है।


