छठ पूजा से पहले रांची प्रशासन अलर्ट! 14 से 16 नवंबर तक घाटों में तैराकी पर अपील, CCTV और बैरिकेडिंग से होगी निगरानी

रांची में दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कीं। 14 से 16 नवंबर तक घाटों में तैराकी नहीं करने की अपील की गई।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Ranchi News : दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए घाटों पर सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। बुधवार को डीसी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, CCTV से होगी निगरानी

बैठक में छठ पूजा समितियों ने घाटों की सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा और पहुंच मार्गों से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जरूरत के मुताबिक घाटों और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग लगाने पर जोर दिया गया।

डीसी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

14 से 16 नवंबर तक घाटों में तैराकी से बचें

छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से 14, 15 और 16 नवंबर को छठ घाटों में तैराकी नहीं करने की अपील की है। श्रद्धालुओं से सुरक्षा मानकों और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

जतरा के आयोजन को लेकर भी तैयारी तेज

बैठक में जतरा के व्यवस्थित आयोजन पर भी चर्चा हुई। सदर एसडीओ और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) को समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

इस बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, एसपी ट्रैफिक राकेश सिंह, सदर एसडीओ कुमार रजत, रांची नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।